★. पीएमजीएसवाई फेज-4 में कुलोरी–पोखरी-नौगुनिया सड़क को मिली मंजूरी
★. कुलोरी से पोखरी-नौगुनिया मोटर मार्ग के डामरीकरण को 3.63 करोड़ की स्वीकृति: विधायक कैड़ा
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
भीमताल।
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत कुलोरी से पोखरी-नौगुनिया तक मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 3 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मार्ग की हालत खराब होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से बरसात के मौसम में किसानों को अपने उत्पाद हल्द्वानी तक पहुंचाने में काफी दिक्कतें होती थीं। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की जा रही थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए विधायक कैड़ा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेस-4 के अंतर्गत इस सड़क का प्रस्ताव भेजा था।
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही कुलोरी से पोखरी-नौगुनिया तक मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 3.63 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। वर्तमान में कार्य की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और शीघ्र ही सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
विधायक कैड़ा ने कहा कि सड़क के सुधरने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा। इससे स्थानीय लोगों की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।