★. महक क्रांति नीति से बदलेगी पहाड़ की खेती की तस्वीर, किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में बड़ा कदम: डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ★. सुगंध खेती से बढ़ेगा रोजगार, जंगली जानवरों से सुरक्षित खेती बनेगी किसानों की नई पहचान (चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”  

304

★. महक क्रांति नीति से बदलेगी पहाड़ की खेती की तस्वीर, किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में बड़ा कदम: डॉ. हरीश सिंह बिष्ट

★. सुगंध खेती से बढ़ेगा रोजगार, जंगली जानवरों से सुरक्षित खेती बनेगी किसानों की नई पहचान

(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”

भीमताल। उत्तराखण्ड सरकार द्वारा लागू की गई महक क्रांति नीति 2026–36 के तहत कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में अहम पहल की गई है। इस नीति का शुभारंभ सगंध पौधा केन्द्र (कैप), सेलाकुई, देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का वर्चुअल सीधा प्रसारण भीमताल विकास भवन सभागार में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान व जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने की। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक नृपेन्द्र चौहान ने महक क्रांति नीति के उद्देश्य, लाभ एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि एवं बागवानी की अपार संभावनाएं हैं। सुगंध पौधों की खेती से किसान न केवल अपनी आय बढ़ा सकते हैं, बल्कि जंगली जानवरों की समस्या से भी निजात पा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ों के जंगलों में पाए जाने वाले औषधीय एवं सुगंध पौधे कई रोगों के उपचार में उपयोगी हैं और इनकी खेती से किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। डॉ. बिष्ट ने कहा कि उत्पादन के साथ-साथ विपणन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि किसान अपने उत्पादों को बेहतर बाजार तक पहुंचा सकें। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की कृषि एवं बागवानी से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं से पलायन पर काफी हद तक रोक लगी है और कई क्षेत्रों में रिवर्स पलायन देखने को मिला है।सगंध पौधा केन्द्र (कैप) के वैज्ञानिक डॉ. ललित अग्रवाल ने सुगंध खेती की तकनीक, संभावनाओं एवं लाभों की जानकारी किसानों को दी।

उन्होंने बताया कि महक क्रांति नीति के लागू होने से नैनीताल जिले के सुगंध कृषकों को विशेष लाभ मिलेगा, क्योंकि यह खेती जंगली जानवरों से सुरक्षित है। कार्यक्रम में उपस्थित जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी ने किसानों से महक क्रांति नीति के अंतर्गत मिलने वाले लाभों का अधिक से अधिक उपयोग कर नैनीताल जिले में दालचीनी (सिनामन) की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग ने कैप के माध्यम से विकासखंड भीमताल में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल जोशी ने किसानों और विभागीय अधिकारियों से समन्वय बनाकर सरकार की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने की अपील की। कार्यक्रम में कृषि अधिकारी ऋतु टम्टा, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला, दिनेश सांगुड़ी, कीर्ति बल्लभ जोशी, कैप सेलाकुई के फील्ड सहायक वीरेंद्र सिंह बिष्ट सहित भीमताल एवं ओखलकांडा के बड़ी संख्या में सुगंध कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वैज्ञानिक डॉ. ललित अग्रवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।