★. लाखों के गहने व नकदी लेकर ज्वेलर फरार, पीड़ितों ने एसएसपी से की शिकायत ★.  भरोसा तोड़ा: गहने बनाने के नाम पर सोना-नकदी लेकर सुनार फरार, महिलाएं पहुंचीं पुलिस के द्वार (चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर” 

61

★. लाखों के गहने व नकदी लेकर ज्वेलर फरार, पीड़ितों ने एसएसपी से की शिकायत

★.  भरोसा तोड़ा: गहने बनाने के नाम पर सोना-नकदी लेकर सुनार फरार, महिलाएं पहुंचीं पुलिस के द्वार

(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”

हल्द्वानी।

लामाचौड़ क्षेत्र में एक ज्वेलर द्वारा ग्राहकों से लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी ज्वेलर गहने बनाने व पुराने जेवर सुधारने के नाम पर लोगों से सोना और पैसे लेता था, लेकिन बीते 6 फरवरी को अचानक दुकान बंद कर लापता हो गया।

पीड़ित महिलाओं ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को शिकायती पत्र सौंपकर मां भगवती ज्वैलर्स के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि जब वे पहले मुखानी थाने में शिकायत लेकर पहुंचीं, तो वहां उनकी बात नहीं सुनी गई।

जानकारी के अनुसार, लामाचौड़ स्थित मां भगवती ज्वैलर्स का संचालन नरेंद्र सिंह रावत और उनकी पत्नी पूजा रावत, निवासी ग्राम मोड़ी, ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) कर रहे थे। नरेंद्र रावत बीते कई वर्षों से क्षेत्र में रहकर स्थानीय लोगों से नए गहने बनाने, पुराने जेवर ठीक करने और सुरक्षित रखने के नाम पर सोना व नकदी जमा करता था। 6 फरवरी के बाद से वह दुकान बंद कर गायब है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। वहीं, उसकी पत्नी द्वारा पहले ही मुखानी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई जा चुकी है।

एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में सात पीड़ितों ने अपने-अपने नुकसान की जानकारी दी है।

पूरन सिंह बोहरा ने 40.550 ग्राम सोने के गहने और 100 ग्राम का सोने का सिक्का सौंपने की बात कही है। बसंती देवी ने 21.280 ग्राम सोना व एक लाख रुपये (50 हजार नकद और 50 हजार ऑनलाइन) दिए थे। पुष्पा कन्याल ने 20 ग्राम सोना और 1.85 लाख रुपये नकद जमा कराए। वहीं, हेमलता दानू ने 26.4 ग्राम सोना, 27 हजार रुपये नकद और 48 हजार रुपये ऑनलाइन दिए थे।

पीड़ितों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर सोना और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।