★. स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र की नींव: हल्द्वानी मीडिया सेंटर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक ने उठाया लाभ  ★. पत्रकारों के स्वास्थ्य पर सरकार की संवेदनशील पहल: हल्द्वानी में एक दिवसीय चिकित्सा शिविर आयोजित (चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर” हल्द्वानी: 

3

★. स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र की नींव: हल्द्वानी मीडिया सेंटर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक ने उठाया लाभ

★. पत्रकारों के स्वास्थ्य पर सरकार की संवेदनशील पहल: हल्द्वानी में एक दिवसीय चिकित्सा शिविर आयोजित

(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”

हल्द्वानी:  पत्रकारों की अनियमित दिनचर्या और कार्य की अधिकता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हल्द्वानी मीडिया सेंटर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से एक दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव है। स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाकर समाज को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मीडिया कर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति संवेदनशील है।

शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, बीपी, शुगर, थायराइड सहित विभिन्न रक्त जांच की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई। हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, दंत रोग एवं सामान्य चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।

 

संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

शिविर में हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं, कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इससे पूर्व शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में चिकित्सकों व मेडिकल टीम के साथ जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।