★. हल्द्वानी गल्ला मंडी में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, इलाके में मचा हड़कंप
★. सुबह-सुबह मंडी में दो लाशें मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
हल्द्वानी। शहर की प्रमुख व्यापारिक गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक और एक युवती के शव बरामद किए गए। सुबह मंडी पहुंचे मजदूरों और व्यापारियों ने शव देखे तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस उच्च अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया गया। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है या हत्या का, इस बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
मृत युवक और युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों मंडी परिसर में कब और कैसे पहुंचे। इसके साथ ही स्थानीय थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मिलान किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिनाख्त के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो पाएगा। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी चल रही है। मामले की जांच जारी है।







