★. हल्द्वानी डबल मर्डर केस का खुलासा, 6 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार
★. शराब की महफ़िल बनी मौत की वजह, बड़ी मंडी डबल मर्डर केस सुलझा
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
हल्द्वानी। हल्द्वानी की बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने चार आरोपियों को मात्र 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और युवती के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य संकलित किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल स्वयं मौके पर पहुंचे और विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मृतकों की पहचान शुभम उर्फ टिंकू पुत्र किशोरी लाल, निवासी तल्ली खोतला, अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री धर्म चंद पोखरिया, निवासी ग्राम मटली पोखरिया, धारी, नैनीताल के रूप में हुई। मृतकों के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और मुखबिर तंत्र की मदद से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सभी आरोपी मृतकों के साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान आपसी विवाद हुआ, जिस पर शुभम और लक्ष्मी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान –
गौरव नेगी उर्फ अंकुर (25 वर्ष)
सौरभ भट्ट (20 वर्ष)
दीपक बिष्ट (20 वर्ष)
विशेष रस्तोगी (25 वर्ष)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े तथा अन्य सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।





