★. हल्द्वानी में ग्राफिक एरा अस्पताल का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 800 को लाभ
★. ग्राफिक एरा ने लगाया विशाल स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों की जांच
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
हल्द्वानी/देहरादून। ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GEIMS), देहरादून द्वारा सामुदायिक सेवा एवं निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी एवं भीमताल परिसर में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर में छात्रों, कर्मचारियों सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान लगभग 800 लोगों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया, आवश्यक स्वास्थ्य जांच करवाई तथा निःशुल्क दवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में जनरल मेडिसिन एवं नेत्र विज्ञान विभाग की विशेषज्ञ टीमों द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान रक्तचाप, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन सैचुरेशन एवं पल्स रेट जैसी महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं।
डॉक्टरों ने लोगों को रोगों के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक किया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा अस्पताल, देहरादून में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। उल्लेखनीय है कि अस्पताल आयुष्मान भारत, ईसीएचएस, सीजीएचएस, ईएसआई एवं विभिन्न टीपीए योजनाओं के अंतर्गत किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज वर्तमान में उत्तराखंड सहित पड़ोसी राज्यों के लोगों के लिए एक सुलभ, व्यापक एवं करुणामयी सुपर-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।








