लीलम–बुईं पातों–रालम पैदल मार्ग आठ माह से क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

13

लीलम–बुईं पातों–रालम पैदल मार्ग आठ माह से क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश…

रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

मुनस्यारी (पिथौरागढ़)।
जिला पिथौरागढ़ की तहसील मुनस्यारी अंतर्गत ग्राम लीलम से बुईं पातों व रालम को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पैदल मार्ग दैवीय आपदा के चलते क्षतिग्रस्त हुए आठ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं हो पाई है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। खासकर स्कूली बच्चों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक बना हुआ है। वहीं गांव तक घोड़े-खच्चरों के माध्यम से खाद्यान्न व आवश्यक सामग्री की आपूर्ति भी ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों की दैनिक जीवन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

इस संबंध में जिला पंचायत प्रतिनिधि मदकोट एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने बताया कि पूर्व में जिलाधिकारी पिथौरागढ़, अपर जिलाधिकारी तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पैदल मार्ग की मरम्मत की मांग की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

विक्रम दानू ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग की मरम्मत कर आवाजाही सुचारू नहीं की गई तो समस्त ग्रामवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने जिलाधिकारी महोदय से मांग की है कि जनहित को देखते हुए उक्त पैदल मार्ग की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।