नैनीताल। नाबालिग बच्ची से दुराचार के आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पालिका के एक वर्तमान सभासद पर पाकिस्तानी कनेक्शन, लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा की निवर्तमान प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि नगरपालिका की मिलीभगत से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं तथा क्षेत्र की डेमोग्राफी और जनसांख्यिकी को सुनियोजित तरीके से बदलने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इस पूरे मामले में आंख मूंदे बैठा है।
भाजपा नेता प्रकाश आर्या ने आरोप लगाया कि पालिका के एक वर्तमान सभासद, जिनके रिश्तेदार पाकिस्तान में रहते हैं, विशेष समुदाय के लोगों को टमट्यूड़ा-रेहड़ क्षेत्र में बसाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मस्जिद की भूमि की भी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि तथाकथित लोग लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसी गतिविधियों में संलिप्त हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट ने जमीनों की खरीद-फरोख्त में पालिका प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अवैध भूमि पर बिजली-पानी के कनेक्शन के लिए एनओसी पालिका की मिलीभगत से ही जारी की जा रही है। वहीं भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने आरोप लगाया कि विशेष समुदाय द्वारा अवैध भूमि पर बनाए गए मकानों का असेसमेंट भी कर दिया गया है।अधिवक्ता शिवांशु जोशी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के अवैध निर्माण पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उधर, मामले में पालिका के अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है, जो पंद्रह दिनों के भीतर रेहड़-टमट्यूड़ा क्षेत्र में हुए अवैध निर्माणों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन के सहयोग से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान मंडल उपाध्यक्ष शुभम कुमार, महामंत्री अमित पांडेय, गौतम मटियाली, राजेंद्र रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष कंचन साह, हिमांशु रावत, उज्ज्वल चंद्रा, वैभव आनंद, रेहान, आयुष कुमार, विद्या पढ़ालनी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।







