नैनीताल। हल्द्वानी मुख्य चिकित्सा अधिकारी जनपद नैनीताल की अध्यक्षता में गुरुवार को हल्द्वानी ब्लॉक के कैंप कार्यालय में आशा सुगमकर्ता, एएनएम एवं पीएचएम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने जनपद में घर पर प्रसव को शून्य करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर के अधिकारी गर्भवती महिलाओं से फोन और घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं तथा उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए काउंसलिंग दी जा रही है। साथ ही, संस्थागत प्रसव के तहत मिलने वाली सुविधाओं, परिवार कल्याण, जननी सुरक्षा योजना एवं ‘ईजा-बोई’ योजना की जानकारी भी लगातार उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों में आशा एवं एएनएम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगामी महीनों में घर पर प्रसव को पूरी तरह समाप्त करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही, अधिकारियों को स्वयं गर्भवती महिलाओं से संपर्क कर उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। इसी क्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रा पंत एवं डॉ. श्वेता भंडारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेल पड़ाव में एएनएम, आशा, आशा सुगमकर्ता, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन गर्भवती महिलाओं से फोन अथवा वीएचएनडी के माध्यम से संपर्क स्थापित कर अद्यतन जानकारी सुनिश्चित करें। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव खर्कवाल, डॉ. हरीश पांडे, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी ब्लॉक राघवेंद्र रावत एवं अर्बन हेल्थ ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





