नैनीताल जिला बार एसोसिएशन के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न.. सांसद अजय भट्ट ने चैम्बर निर्माण हेतु 5 लाख रुपए देने की घोषणा…… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल…

18

नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन की नवनियुक्त कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. नारायण सिंह जंतवाल एवं डॉ. सरस्वती खेतवाल उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात जिला जज एवं संरक्षक प्रशांत जोशी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट, सचिव संजय सुयाल, उपाध्यक्ष कमल चिलवाल, संयुक्त सचिव नीरज गोस्वामी तथा कार्यकारिणी सदस्य तारा आर्या, सरिता बिष्ट, प्रेमा आर्या, निर्मल कुमार एवं मोहम्मद बिलाल शामिल रहे। शपथ के बाद सभी पदाधिकारियों ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।मुख्य अतिथि अजय भट्ट ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिवक्ताओं को समाज का पथप्रदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी नैनीताल जिला बार के आजीवन सदस्य हैं, जिस पर उन्हें गर्व है। अधिवक्ता हितों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए उन्होंने सांसद निधि से अधिवक्ताओं के चैम्बर निर्माण के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।

विशिष्ट अतिथियों ने भी नवनियुक्त टीम को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और अधिवक्ता हितों को सर्वोपरि रखेंगे। वहीं सचिव संजय सुयाल ने बताया कि 100 वर्ष से अधिक पुराने बार भवन के जीर्णोद्धार को प्राथमिकता दी जाएगी तथा तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के लिए सहभोज का आयोजन भी किया गया। समारोह में सीनियर सिविल जज हर्ष यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।