नैनीताल में छोटे व्यापारियों का फूटा गुस्सा, गैस आपूर्ति और प्रशासनिक नीतियों पर उठाए सवाल. पूर्व सभासद भूपाल सिंह कार्की बोले व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, सत्यापन व्यवस्था मजबूत हो… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) ” स्टार खबर” नैनीताल..

74

नैनीताल।
पर्यटन नगरी नैनीताल में छोटे व्यापारियों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल के दिनों में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आई बाधाओं और कथित प्रतिबंधों ने व्यापारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। व्यापारियों का आरोप है कि इन व्यवस्थागत खामियों के कारण न केवल उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है, बल्कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को भी बढ़ावा मिल रहा है।पूर्व सभासद एवं व्यापार मंडल सदस्य भूपाल सिंह कार्की ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी व्यापारियों को सहयोग देने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की है, लेकिन वर्तमान स्थिति में प्रशासन इन दोनों मोर्चों पर विफल नजर आ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि छोटे व्यापारियों का कारोबार ठप कर क्या वास्तव में असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सकता है।कार्की ने नैनीताल के व्यापार मंडलों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े व्यापार मंडल केवल औपचारिकताओं तक सीमित रह गए हैं और व्यापारियों के हित में कोई ठोस आवाज नहीं उठा रहे हैं।उन्होंने बाहरी राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश से आने वाले लोगों के सत्यापन को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि बिना उचित सत्यापन के रोजगार देने से अराजकता और नशे जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन उनके गृह क्षेत्र और संबंधित थानों से कराया जाए तथा चरित्र प्रमाण पत्र अनिवार्य किया जाए।कार्की ने यह भी कहा कि केवल औपचारिक अभियान चलाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने और पलायन रोकने के लिए सख्त नीति बनाने की मांग की।अंत में उन्होंने सभी व्यापारियों से एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया, ताकि पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय व्यापार को भी मजबूती मिल सके।