नैनीताल। ईद की नमाज को लेकर नैनीताल में पिछले कुछ दिनों से बनी असमंजस की स्थिति अब साफ हो गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मल्लीताल स्थित डीएसए (जिला खेल संघ) मैदान में ईद की नमाज अदा नहीं की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों और खेल मैदानों का उपयोग धार्मिक आयोजन के लिए नहीं किया जा सकता तथा नमाज मस्जिदों एवं निजी परिसरों में अदा की जाए।
नैनीताल के फ्लैट्स मैदान में बीते वर्षों में ईद की नमाज अदा होती रही है, लेकिन इस बार मैदान के उपयोग को लेकर विवाद और चर्चाओं का माहौल बना हुआ था। इसी बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि डीएसए मैदान मुख्य रूप से खेल गतिविधियों के लिए निर्धारित है और वर्तमान समय में वहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और टूर्नामेंट संचालित हो रहे हैं। ऐसे में धार्मिक आयोजन के लिए मैदान उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
जानकारी के अनुसार, डीएसए की ओर से पहले अंजुमन इस्लामिया को 28 मई 2026 को ईद की नमाज के लिए मैदान उपयोग की अनुमति दी गई थी, लेकिन कुछ समय बाद यह अनुमति वापस ले ली गई थी। इसके बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि प्रशासन सार्वजनिक व्यवस्था और खेल गतिविधियों को प्रभावित किए बिना सभी समुदायों के धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के पक्ष में है। उन्होंने अपील की कि ईद की नमाज मस्जिदों और निजी परिसरों में अदा की जाए।
प्रशासन के बयान के बाद अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। ईद के अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग मल्लीताल जामा मस्जिद और तल्लीताल मस्जिद में नमाज अदा करेंगे।




