नैनीताल। बीडी पांडे मल्लीताल में पिछले एक सप्ताह से बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिनमें बच्चों की संख्या सबसे अधिक बताई जा रही है।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.आर.एस मेर ने बताया, इन दिनों अधिकतर बच्चे वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। अस्पताल पहुंच रहे बच्चों में मुख्य रूप से सर्दी, खांसी, जुकाम, उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं।
मौसम में बदलाव और गर्मी के कारण बच्चों की सेहत पर विशेष असर पड़ रहा है, जानकारी के अनुसार, वर्तमान में प्रतिदिन करीब 80 से 100 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें लगभग 40 से 50 प्रतिशत बच्चे वायरल संक्रमण से संबंधित बीमारियों से पीड़ित पाए जा रहे हैं।उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। बच्चों को ताजा, स्वच्छ और शुद्ध भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा बाहर के अस्वच्छ खाद्य पदार्थों से बचाया जाए।
उन्होंने ने यह भी स्पष्ट किया कि अभिभावक बच्चों को बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई भी दवा न दें। किसी भी प्रकार की बीमारी या लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेकर ही उपचार कराएं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर सावधानी और सही देखभाल से बच्चों को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।





