लालकुआं। देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आंचल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। दुग्ध उपार्जन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ आंचल के दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों के हित में जल्द वर्दी वितरण की घोषणा करते हुए कहा कि कर्मचारी संघ की कार्यप्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों व सुविधाओं का ध्यान रखना प्राथमिकता है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकुआं समेत पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में आंचल दुग्ध संघ से जुड़ी 705 दुग्ध समितियों में भी ध्वजारोहण किया गया। समितियों के पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी तथा देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति संकल्प लिया।
दुग्ध समितियों के चुनाव की तिथियां निर्धारित होने के कारण कार्यक्रमों के दौरान आचार संहिता का पालन किया गया। किसी भी समिति में चुनाव प्रचार से संबंधित गतिविधियां नहीं की गईं।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उन्होंने दुग्ध उपार्जन व्यवस्था, समितियों के माध्यम से होने वाले दूध संग्रहण तथा आंचल दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के विपणन की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से दुग्ध उत्पादकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर दुग्ध उपार्जन बढ़ाने और आंचल उत्पादों की बिक्री को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस दौरान संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, पूर्व संचालक मंडल सदस्य राजेंद्र प्रसाद, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, रमेश मेहता, राजू दुमका, रमेश चंद्र, दिनेश कुलोरा, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, रश्मि धामी, रेखा बोरा, विपिन तिवारी, विजय चौहान, विमल कुमार समेत संघ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







