दूषित पानी से ज्योलिकोट में डायरिया-पीलिया का प्रकोप, 60 से 65 लोग बीमार.. कई बच्चों की हालत गंभीर, आईसीयू में कराना पड़ा भर्ती; डीएम ने जल संस्थान व जल निगम को दिए आवश्यक निर्देश…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

8

नैनीताल। ज्योलिकोट और आसपास के क्षेत्रों में दूषित पानी की वजह से डायरिया और पीलिया जैसी गंभीर बीमारियों का प्रकोप सामने आया है। पिछले छह-सात दिनों में करीब 60 से 65 लोग बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। कई बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा है।
मामले को लेकर गुरुवार को पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख हिमांशु पांडे के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की। ज्ञापन में दूषित पेयजल की जांच कराने के साथ ही क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और जल संस्थान तथा जल निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था की जांच करने और समस्या के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया।क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने त्वरित संज्ञान लेने पर जिलाधिकारी का क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी ज्योलिकोट-खुर्पाताल राजेंद्र सिंह कोटलिया, ग्राम प्रधान ज्योलिकोट नवल कुमार, उप प्रधान मनोज बरगली, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज चनियाल, सूरज पांडे, नितिन कुमार, प्रशांत कुमार और हरीश पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।