तेज बारिश के बाद नैनी झील में पहुंचा प्लास्टिक कचरा, नासा ने चलाया सफाई अभियान… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

27

नैनीताल। बीते दिनों हुई तेज बारिश के बाद शहर के विभिन्न नालों और जलधाराओं के जरिये बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और अन्य ठोस कचरा नैनी झील में पहुंच गया। झील की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नैनिताल एक्वाटिक एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (नासा) के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने बुधवार को विशेष सफाई अभियान चलाया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने झील के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर बड़ी संख्या में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और तैरता हुआ कचरा एकत्र किया। झील से निकाले गए कचरे को अलग-अलग कर सुरक्षित निस्तारण के लिए भेजा गया।
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि नैनी झील नैनीताल की पहचान होने के साथ ही क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन का महत्वपूर्ण आधार है। बारिश के दौरान शहर से झील में पहुंचने वाले प्लास्टिक और अन्य कचरे को रोकने के लिए नियमित सफाई के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है।सफाई अभियान में प्रो. रीतेश साह, प्रो. संजय घिल्डियाल, यशपाल सिंह रावत, सिद्धि, धीरज बिष्ट, विक्रम और आशीष मेहता समेत एसोसिएशन के अन्य सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने भागीदारी की। एसोसिएशन ने नागरिकों और पर्यटकों से झील अथवा उसके आसपास प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और अन्य कचरा न फेंकने की अपील की।