नैनीताल। हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रहे पटाखों से भरे ट्रक में मंगलवार सुबह ज्योलीकोट के समीप अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से ट्रक में रखे पटाखे फूटने लगे और तेज धमाकों से नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोक दिया। वहीं, नैनीताल से पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे ज्योलीकोट से लगभग एक किलोमीटर पहले नलेना के यू-बैंड के पास हुई। ट्रक हल्द्वानी से पहाड़ी क्षेत्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। पीछे से आ रहे एक वाहन के चालक ने ट्रक चालक को इसकी जानकारी दी। आग का पता चलते ही चालक ने ट्रक रोक दिया और तत्काल नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान पर चला गया।कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक में रखे पटाखे फूटने लगे। लगातार तेज आवाजें सुनाई देने से मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन वाहनों की आवाजाही रुकवा दी। इससे नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर दोनों ओर यातायात प्रभावित रहा।वहीं
सूचना मिलने पर नैनीताल से अग्निशमन विभाग की गाड़ी घटनास्थल के लिए रवाना की गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया और आग पर काबू पाया। चालक के समय रहते ट्रक से उतर जाने के कारण उसकी जान बच गई।फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और ट्रक में हुए नुकसान जानकारी नहीं है। आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।







