बहिष्कार.. स्थापना दिवस पर विकास के दावों के बीच आंदोलनकारियों का फूटा गुस्सा… बोले- पहाड़ में न डॉक्टर हैं, न शिक्षक और न ही बेहतर सड़कें… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

37
Oplus_16908288

नैनीताल। उत्तराखंड राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होने पर नैनीताल में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इस बार दो अलग–अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। एक ओर मंच से राज्य के विकास और उपलब्धियों का बखान किया गया, वहीं दूसरी ओर अपनी उपेक्षा से नाराज राज्य आंदोलनकारियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। आंदोलनकारियों के विरोध ने स्थापना दिवस समारोह में विकास के दावों के बीच सरकार के सामने कई सवाल खड़े कर दिए।

Oplus_16908288

कार्यक्रम में पहुंचे नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड ने 26 वर्षों के सफर में इतिहास रचा है। राज्य के सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने कार्यकाल में विकास के लिए कुछ न कुछ योगदान दिया है। मौजूदा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और राज्य लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। आज प्रदेश के उत्पादों और यहां की विशेष वस्तुओं की देश-विदेश में पहचान बन रही है। विकास की गति निरंतर आगे बढ़ रही है और प्रदेश ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

●उपेक्षा से नाराज आंदोलनकारियों ने छोड़ा कार्यक्रम..

दूसरी ओर समारोह में पहुंचे राज्य आंदोलनकारी व्यवस्थाओं और अपनी उपेक्षा को लेकर नाराज नजर आए। उनका आरोप था कि उन्हें सुबह 10 बजे कार्यक्रम में बुलाकर तेज धूप में बैठा दिया गया, लेकिन दोपहर 12 बजे तक किसी ने उनकी सुध नहीं ली। आंदोलनकारियों ने कहा कि राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वालों को ही स्थापना दिवस समारोह में सम्मान और उचित स्थान नहीं मिल रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब छह नवंबर को ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्य स्थापना दिवस का कार्यक्रम आयोजित कर लिया गया था, तो नौ नवंबर को समारोह आयोजित करने का औचित्य क्या रह गया है। आंदोलनकारियों ने कहा कि 26 वर्षों में पहाड़ की स्थिति सुधरने के बजाय और बदतर हुई है। पहले पहाड़ों में कम से कम शिक्षक उपलब्ध थे, लेकिन आज कई क्षेत्रों में न शिक्षक हैं और न ही डॉक्टर। अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें भी बदहाल हैं।
आंदोलनकारियों ने सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपे जाने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जिस बेहतर और खुशहाल उत्तराखंड के सपने के साथ राज्य की लड़ाई लड़ी गई थी, वह सपना अब तक पूरा नहीं हो पाया है। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आंदोलनकारी कार्यक्रम छोड़कर चले गए। इस तरह स्थापना दिवस समारोह में एक ओर विकास की उपलब्धियों के दावे सुनाई दिए, तो दूसरी ओर राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वालों की नाराजगी भी खुलकर सामने आई।