राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया याद, शहीदों को दी श्रद्धांजलि… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

9

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय में सोमवार को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस दौरान राज्य निर्माण के लिए चले लंबे आंदोलन, आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में केक काटकर राज्य स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं। साथ ही वक्ताओं ने प्रदेश की विकास यात्रा और भविष्य की चुनौतियों पर भी विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. रीतेश साह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन वर्षों के संघर्ष, जनआकांक्षाओं और हजारों लोगों के त्याग का परिणाम है। राज्य आंदोलन में अनेक लोगों ने अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने खटीमा, मसूरी, मुजफ्फरनगर और नैनीताल सहित विभिन्न स्थानों पर आंदोलन के दौरान शहीद हुए लोगों को नमन किया। उन्होंने कहा कि नैनीताल ने भी स्वर्गीय प्रताप सिंह जैसे समर्पित आंदोलनकारी को खोया है।

प्रो. साह ने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा और शोध तक सीमित नहीं है। राज्य के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और आंदोलन से जुड़ी स्मृतियों को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी शिक्षण संस्थानों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आंदोलनकारियों के सपनों और राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों को याद करने का दिन भी है। उत्तराखंड की भावी विकास यात्रा में विश्वविद्यालय शोध, नवाचार और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से अहम भूमिका निभा सकते हैं।इस अवसर पर अधिष्ठाता बायोमेडिकल साइंस प्रो. महेंद्र राणा, विधि विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेश पांडे और अभिराम पंत ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा, मानव संसाधन और शिक्षा की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं की भागीदारी जरूरी है।

●डॉ. जंतवाल के निधन पर दो मिनट का मौन..

कार्यक्रम के समापन पर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख नेता, पूर्व विधायक और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ. नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने उनके निधन को राज्य और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान नीरज साह, अकरम अली, नीरज जोशी, कैलाश जोशी, जगदीश चंद्र, पूनम, ओमप्रकाश सगटा, शैलजा वर्मा, नवल बिनवाल, मनोज कुमार सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।