कुमाऊं की लोकपरंपरा में आज भी जीवंत है बूढ़ी दिवाली… द्वादशी पर लक्ष्मी-नारायण के स्वागत और दरिद्रता को विदा करने की अनूठी परंपरा… तुलसी और शालिग्राम के विवाह का भी विशेष महत्व…   विशेष- राजीव पांडे (खिमदा )..स्टार खबर..

8

नैनीताल। कुमाऊं की लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं में बूढ़ी दिवाली का विशेष स्थान है। इस पर्व से जुड़ी कई ऐसी परंपराएं आज भी ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जाती हैं, जो हमारी प्राचीन लोकमान्यताओं, कृषि संस्कृति और धार्मिक आस्था का परिचय देती हैं। एकादशी के अगले दिन यानी द्वादशी की सुबह ब्रह्म मुहूर्त में घर की महिलाएं पारंपरिक कुमाऊंनी परिधान पिछौड़ा पहनकर विशेष अनुष्ठान करती हैं।
इस परंपरा में महिलाएं एक हाथ में गन्ना (रिखू) और दूसरे हाथ में सूप लेकर घर के भीतर प्रवेश करती हैं। मान्यता के अनुसार गन्ने और सूप के माध्यम से घर में लक्ष्मी-नारायण का स्वागत किया जाता है, जबकि घर के पीछे की ओर प्रतीकात्मक रूप से दरिद्रता (भुइयां) को विदा किया जाता है। इस दौरान महिलाएं घर के भीतर गन्ने से प्रहार करते हुए लोक उद्घोष करती हैं— ‘आओ लक्ष्मी, बैठो नारायण, निकल भुइयां।’
लोकमान्यता में भुइयां को दरिद्रता और नकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है। इस अनुष्ठान के माध्यम से घर से अभाव और दरिद्रता दूर कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और संपन्नता के आगमन की कामना की जाती है। इसके बाद आंगन में बने ओखल में अखरोट अथवा दाड़िम (अनार) फोड़ने की परंपरा भी निभाई जाती है। यह अनुष्ठान लोकजीवन में शुभता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।

●तुलसी और शालिग्राम विवाह का विशेष महत्व..

द्वादशी के दिन तुलसी और शालिग्राम का विवाह भी धार्मिक आस्था के साथ संपन्न कराया जाता है। घरों में तुलसी के पौधे और भगवान शालिग्राम का विधि-विधान से पूजन कर विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। हिंदू धार्मिक मान्यताओं में इसे तुलसी विवाह कहा जाता है। इसे भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम और माता तुलसी के पवित्र मिलन का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर परिवार की सुख-शांति और मंगलमय जीवन की कामना की जाती है।
कुमाऊं की ये परंपराएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत भी हैं। पिछौड़े की पारंपरिक छटा, गन्ने और सूप का प्रतीकात्मक महत्व, लोकगीत और तुलसी विवाह जैसे आयोजन पहाड़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए हुए हैं।
लोकपरंपराओं का यही स्वरूप कुमाऊं की सांस्कृतिक धरोहर को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है।