एरीज की शोध छात्रा सृंजना राउत को अंतरराष्ट्रीय युवा वैज्ञानिक पुरस्कार… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

6

नैनीताल।आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल की शोध छात्रा सृंजना राउत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का मान बढ़ाया है। उन्हें अंतरराष्ट्रीय रेडियो विज्ञान संघ (URSI) के रेडियो विज्ञान क्षेत्रीय सम्मेलन (RCRS-2026) में युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सूर्य की चुंबकीय संरचनाओं और उनसे जुड़ी प्रक्रियाओं पर किए गए उत्कृष्ट शोध के लिए उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है।सृंजना राउत को यह पुरस्कार उनके शोध पत्र ’17 गीगाहर्ट्ज पर उत्तर-दक्षिण प्रवाह के प्रथम प्रेक्षणात्मक संकेत तथा सूर्य में चुंबकीय संरचनाओं के अध्ययन के लिए निहितार्थ’ के लिए प्रदान किया गया। उनका शोध सूर्य में मौजूद चुंबकीय संरचनाओं और उनसे संबंधित प्रक्रियाओं के अध्ययन पर केंद्रित है। इसमें 17 गीगाहर्ट्ज पर उत्तर-दक्षिण प्रवाह के प्रेक्षणात्मक संकेतों का अध्ययन किया गया है, जो सौर भौतिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह पुरस्कार 17 से 20 नवंबर तक भारतीय भूचुंबकत्व संस्थान (आईआईजी), नवी मुंबई में आयोजित URSI-RCRS 2026 सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। सृंजना ने एरीज के प्रो. दीपांकर बनर्जी के मार्गदर्शन में अपना पीएचडी शोध कार्य पूरा किया है। उनकी इस उपलब्धि से एरीज संस्थान में खुशी का माहौल है। संस्थान के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि रेडियो विज्ञान क्षेत्रीय सम्मेलन (RCRS), भारतीय रेडियो विज्ञान परिषद (InRaSS) का द्विवार्षिक प्रमुख सम्मेलन है। इसका उद्देश्य भारत सहित पड़ोसी देशों में रेडियो विज्ञान को बढ़ावा देना और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध को प्रोत्साहित करना है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय रेडियो विज्ञान संघ (URSI) एक गैर-सरकारी एवं गैर-लाभकारी अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो रेडियो विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान, वैज्ञानिक आदान-प्रदान और तकनीकी अनुप्रयोगों को प्रोत्साहित करने के साथ उनके बीच समन्वय स्थापित करती है।