युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सोच और कार्यशैली में बदलाव जरूरी: प्रो. बिष्ट… कौशल विकास और उद्यमिता पर हुआ मंथन… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

4

नैनीताल। काशीपुर बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद्र गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज में शुक्रवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘सीको-2026’ का शुभारंभ हुआ। ‘स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप : चैलेंजेज एंड ऑपर्च्युनिटीज’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी का उद्घाटन कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि युवाओं को कौशलयुक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनकी सोच, दृष्टिकोण और कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाना जरूरी है।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रो. बिष्ट ने कहा कि कौशल विकास और उद्यमिता को केवल रोजगार पाने का माध्यम मानना पर्याप्त नहीं है। इन्हें युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और नवाचार के लिए प्रेरित करने के महत्वपूर्ण साधन के रूप में देखना होगा। शिक्षा को विद्यार्थी केंद्रित बनाने के साथ ही युवाओं में व्यावहारिक दक्षता विकसित करने पर विशेष ध्यान देना होगा।उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यावसायिक, कौशल संवर्धन और मूल्य संवर्धित पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। हालांकि, इन पाठ्यक्रमों को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों, रोजगार के बदलते स्वरूप और स्थानीय एवं क्षेत्रीय संभावनाओं के अनुरूप अधिक व्यावहारिक बनाने की आवश्यकता है। इससे विद्यार्थी केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि अपने हुनर के दम पर रोजगार सृजन करने में भी सक्षम बनेंगे।

तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी अपने आप में साध्य नहीं, बल्कि एक प्रभावी साधन है। युवाओं को इसका विवेकपूर्ण, जिम्मेदार और रचनात्मक उपयोग करना सीखना होगा। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवा शक्ति की अहम भूमिका होगी। ज्ञान, कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता के बल पर युवा इस लक्ष्य को साकार कर सकते हैं।
प्रो. बिष्ट ने उच्च शिक्षण संस्थानों से शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। कहा कि बदलती आर्थिक और तकनीकी परिस्थितियों के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करना तथा कौशल आधारित शिक्षा को शैक्षणिक गतिविधियों का अभिन्न हिस्सा बनाना समय की जरूरत है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि उद्योगपति योगेश जिंदल और नेशनल काउंसिल फॉर सीमेंट एंड बिल्डिंग मैटेरियल्स, फरीदाबाद के महानिदेशक डॉ. एलपी सिंह रहे। इस अवसर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. रीतेश साह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नीरज अत्रे, प्रो. जेएस बिष्ट, प्रो. वीपी पुरोहित, डॉ. सीमा अत्रे, डॉ. सचिन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।