ईमेल धमकियों से दहशत.. नैनीताल बार संघ ने बढ़ाई न्यायालय सुरक्षा की मांग.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

28

नैनीताल। लगातार दो दिनों से मिल रही ईमेल धमकियों के बाद जिला बार संघ, नैनीताल के पदाधिकारियों ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता जताई है। इस संबंध में संघ की ओर से जिला जज को पत्र सौंपकर तत्काल प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
बार संघ के सचिव दीपक रूवाली ने बुधवार को जिला जज को दिए पत्र में कहा कि पिछले दो दिनों से अज्ञात स्रोतों से ईमेल के माध्यम से धमकियां प्राप्त हो रही हैं। इसके बावजूद न्यायालय परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आ रही है, जिससे अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और वादकारियों में भय का वातावरण बना हुआ है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए न्यायालय परिसर में सख्त एवं प्रभावी सुरक्षा प्रबंध किए जाना अत्यंत आवश्यक है। संघ पदाधिकारियों ने आग्रह किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर न्यायालय परिसर की सुरक्षा तत्काल सुनिश्चित कराई जाए, ताकि सभी न्यायिक कार्य सुरक्षित और निर्भय वातावरण में संपन्न हो सकें।
बार संघ ने स्पष्ट किया कि न्यायालय की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है।