देहरादून में जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की सूचना, मचा हड़कंप… तीन दिनों से मिल रहे धमकी भरे ईमेल, पुलिस ने बताया अफवाह फैलाने की साजिश… रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर” नैनीताल…

31

देहरादून। राजधानी स्थित देहरादून जिला एवं सत्र न्यायालय में बम होने की सूचना मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा दिया गया।
मौके पर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डॉग स्क्वाड और क्यूआरटी टीमों को तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन जांच की, हालांकि तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि पिछले तीन दिनों से ईमेल के माध्यम से उत्तरकाशी, नैनीताल और देहरादून में इस प्रकार की धमकी भरी सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस इन ईमेल्स के पीछे सक्रिय मॉड्यूल की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह अफवाह फैलाने और दहशत का माहौल बनाने की साजिश प्रतीत होती है। मामले में सूचना भेजने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए कार्य बाधित रहा, लेकिन सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।