कुमाऊं विश्वविद्यालय की कमान अब प्रो. नवीन चंद्र लोहनी के हाथ, एक सितंबर से संभालेंगे कार्यवाहक कुलपति की जिम्मेदारी, नियमित कुलपति की नियुक्ति तक रहेगा अतिरिक्त दायित्व
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय की कमान अब प्रो. नवीन चंद्र लोहनी के हाथों में होगी। वह एक सितंबर से विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति की जिम्मेदारी संभालेंगे। नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक उनके पास यह अतिरिक्त दायित्व रहेगा। यह जिम्मेदारी कुमाऊं विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत के निजी कारणों से पद से अवमुक्त किए जाने के अनुरोध के बाद सौंपी गई है। राज्यपाल की स्वीकृति के पश्चात प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति का अतिरिक्त दायित्व प्रदान किया गया है।

प्रो. नवीन चंद्र लोहनी वर्तमान में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति के पद पर कार्यरत हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें कुमाऊं विश्वविद्यालय जैसे महत्वपूर्ण उच्च शिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी सौंपे जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक प्रो. लोहनी दोनों संस्थानों की जिम्मेदारियां संभालेंगे।



