नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। चुनाव 29 सितंबर को होंगे। इसके लिए 24 सितंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री और 25 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी।
अधिसूचना के अनुसार 23 सितंबर को विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया और संबंधित जानकारी दी जाएगी। 24 सितंबर को नामांकन प्रपत्रों की बिक्री होगी। 25 सितंबर को नामांकन किए जाएंगे। 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के साथ नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। 28 सितंबर को कला प्रांगण में विद्यार्थियों की आम सभा होगी। इसी दिन शाम चार बजे के बाद चुनाव प्रचार पूरी तरह बंद हो जाएगा।
29 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। मतदान डीएसबी परिसर के निर्धारित मतदान केंद्रों पर कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियां मतगणना केंद्र पहुंचाई जाएंगी। दोपहर तीन बजे कॉमर्स हॉल में मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसी दिन विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाने के साथ प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे।
●इन पदों पर होगा चुनाव..
छात्रसंघ में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्राओं के लिए आरक्षित उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, छात्राओं के लिए आरक्षित कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव के एक-एक पद पर चुनाव होगा। इसके अलावा प्रत्येक संकाय से एक संकाय प्रतिनिधि और एक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि का निर्वाचन किया जाएगा।
●पहचान पत्र के बिना नहीं दे सकेंगे वोट..
मतदान के लिए विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 का वैध परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक परिचय पत्र नहीं बनवाया है, उन्हें 28 सितंबर शाम चार बजे तक इसे बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान सत्र का वैध परिचय पत्र रखने वाले विद्यार्थी ही मतदान कर सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया छात्रसंघ संविधान और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुरूप संचालित होगी।



