हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का 77वां वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित होगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले अधिवेशन में जिलेभर की दुग्ध समितियों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। इसमें दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं, संघ की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।अधिवेशन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोजन की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि अधिवेशन में दुग्ध समितियों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने का अवसर मिलेगा। उत्पादकों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का हित सर्वोपरि है और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन देने के साथ सहकारी समितियों को सशक्त बनाना संघ की प्राथमिकता है।







