दूरबीन से आसमान की पड़ताल, एरीज में युवा वैज्ञानिकों को मिला खगोलीय शोध का प्रशिक्षण.. एरीज में तारों की दुनिया से रूबरू हुए भारत-नेपाल के 30 युवा शोधार्थी… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

2

नैनीताल। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) में आयोजित पांच दिवसीय हिमालयन स्कूल फॉर ट्रेनिंग इन एस्ट्रोनॉमी रिसर्च (HiSTAR-2026) का शुक्रवार को समापन हो गया। 23 से 27 नवंबर तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत और नेपाल के करीब 30 शोधार्थियों एवं युवा वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिमालयी और आसपास के उत्तरी भारतीय क्षेत्रों के युवाओं को प्रेक्षणात्मक खगोल विज्ञान की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना और अनुसंधान के लिए तैयार करना था।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को खगोल विज्ञान के सैद्धांतिक पहलुओं के साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। एरीज और पुणे स्थित अंतर-विश्वविद्यालय केंद्र आयुका के वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों ने व्याख्यान और प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से दूरबीन संचालन, खगोलीय प्रेक्षण तथा प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने एरीज की 1.04 मीटर की सम्पूर्णानंद दूरबीन से रात्रिकालीन खगोलीय अवलोकन भी किए।

प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा देवस्थल वेधशाला का भ्रमण रहा। यहां प्रतिभागियों को देश की प्रमुख खगोलीय प्रेक्षण सुविधाओं को करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (डीओटी), चार मीटर इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप (आईएलएमटी) और 1.3 मीटर देवस्थल फास्ट ऑप्टिकल टेलीस्कोप (डीएफओटी) की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन एरीज और पुणे स्थित आयुका की ओर से किया गया। एरीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अधीन स्वायत्त संस्थान है, जबकि आयुका विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अंतर्गत कार्य करता है। दोनों संस्थान देश में खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी के क्षेत्र में शोध एवं प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए लंबे समय से सहयोग कर रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक एरीज के डॉ. जीवन पांडेय, डॉ. नीलम पंवार, आयुका के डॉ. अनुपम भारद्वाज और हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रो. हुम चंद रहे। एरीज निदेशक डॉ. मनीष कुमार नजा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें खगोल विज्ञान के क्षेत्र में उच्चस्तरीय शोध के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के अनुसार HiSTAR जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से युवा शोधार्थियों को देश की अत्याधुनिक वेधशालाओं और प्रेक्षण सुविधाओं के उपयोग का व्यावहारिक अनुभव मिलता है। इससे भविष्य में नए शोध कार्यों को गति मिलने के साथ ही हिमालयी क्षेत्र में खगोल विज्ञान के क्षेत्र में दक्ष वैज्ञानिकों की नई पीढ़ी तैयार करने में मदद मिलेगी।