रात 11 बजे दुकानें बंद कराने पर भड़के नैनीताल के व्यापारी, कोतवाली में किया जोरदार प्रदर्शन.. व्यापारियों का आरोप—पुलिस कर रही उत्पीड़न, पर्यटक स्थल होने के कारण 24 घंटे दुकान खोलने की अनुमति का किया दावा… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

56
oplus_0

नैनीताल।
नैनीताल में रात 11 बजे के बाद दुकानों को बंद कराए जाने को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें बेवजह परेशान कर रही है।

व्यापारियों का कहना है कि पुलिस द्वारा प्रतिदिन रात 11 बजे दुकानों को जबरन बंद कराया जा रहा है, जिससे उनके व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि ऐसा कोई आदेश नहीं है जिसमें दुकानों को रात 11 बजे तक ही खोलने की बाध्यता हो। व्यापारियों के अनुसार उनके पास शासन का पत्र मौजूद है, जिसमें पर्यटन स्थलों पर दुकानों को 24 घंटे तक खुले रखने की अनुमति दी गई है।

व्यापारियों ने कहा कि रात 11 बजे के बाद दुकानों को बंद कराने से न केवल व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा टैक्सी चालकों और होटल गाइडों के साथ भी दुर्व्यवहार किया जा रहा है तथा उन्हें गालियां दी जा रही हैं। इसे लेकर व्यापारियों में भारी रोष है।व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस की मनमानी इसी तरह जारी रही तो वे बाजार बंद करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने ऐलान किया कि मंगलवार को एक बार फिर व्यापारी कोतवाली में प्रदर्शन करेंगे।साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।