महिला आयोग की जनसुनवाई में 8 शिकायतें, सभी मामलों को पुलिस जांच के लिए भेजा गया… ‘महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत राज्य अतिथि गृह नैनीताल में हुआ महिला जनसुनवाई कार्यक्रम… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

7

नैनीताल।
महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग द्वारा चलाए जा रहे ‘महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को राज्य अतिथि गृह नैनीताल के सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।जनसुनवाई के दौरान महिला आयोग के समक्ष कुल 8 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी प्रकरण पुलिस विभाग से संबंधित पाए गए, जिन्हें त्वरित जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग को प्रेषित कर दिया गया।कार्यक्रम में महिला आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो ने कहा कि राज्य सरकार और महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर सीधे आयोग तक नहीं पहुंच पातीं, इसलिए ‘महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से जनपद स्तर पर जनसुनवाई कर उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद से संबंधित थीं। सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष जांच करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उपाध्यक्ष सायरा बानो ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की घटना या समस्या होने पर तुरंत निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। इसके अलावा महिलाएं गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड कर अथवा महिला आयोग के दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर भी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।उन्होंने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा प्रदेश के सभी 13 जनपदों में 13 मार्च 2026 तक महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं को पारिवारिक विवादों और अन्य समस्याओं में त्वरित न्याय मिल सके।इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य उर्मिला जोशी और कंचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्रा, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुलेखा बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला आयोग के प्रतिनिधि और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।