नैनीताल।
नैनीताल लिटरेचर फेस्टिवल का दूसरा संस्करण आगामी 13 से 15 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस भव्य तीन दिवसीय महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम का आयोजन नैनीताल-कालाढूंगी रोड स्थित कंसिया रिसोर्ट, चार खेत में किया जाएगा।
सोमवार को लेखनी फंड के चेयरपर्सन अमिताभ सिंह बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष के संस्करण में देश-विदेश के कई नामचीन लेखक, कलाकार और बुद्धिजीवी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया से जॉन लिब्रेसी, जिन्होंने भारत के इतिहास पर व्यापक कार्य किया है, इस महोत्सव में शामिल होंगे। इसके अलावा देवघर पटनायक, सुरेश पंत, सुरेश सेठ, विभूपुरी, इम्तियाज अली, जेरी पिंटू और अमिताभ बापची सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी कार्यक्रम में भाग लेंगी।
उन्होंने बताया कि इस बार उत्तराखंड के साहित्यकारों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। साथ ही उत्तराखंड की प्रसिद्ध कलाकार यशोधरा मठपाल के चित्रों की प्रदर्शनी भी महोत्सव में लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश की नई पीढ़ी के म्यूजिशियनों को भी मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के एडवेंचर टूरिज्म से जुड़ी शिखा त्रिपाठी द्वारा एक विशेष वर्कशॉप भी आयोजित की जाएगी।अमिताभ सिंह बघेल ने बताया कि लोककथा राजुला-मालूशाही पर इंद्रजीत पंत द्वारा किए गए कार्य और इंदिरा गांधी कल्चरल सेंटर के माध्यम से बनाई गई डॉक्यूमेंट्री पर भी मंच से चर्चा की जाएगी। साथ ही इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग विभिन्न स्कूलों में जाकर बच्चों को दिखाई जाएगी, ताकि नई पीढ़ी को अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं के बारे में जानकारी मिल सके।तीन दिवसीय इस महोत्सव में साहित्य, कला, संस्कृति और संगीत से जुड़े कई रोचक सत्र आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन नैनीताल को एक बार फिर साहित्य और संस्कृति के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम साबित होगा।





