नैनीताल। माता जिया रानी महिला अध्ययन केंद्र, कुमाऊं विश्वविद्यालय में बुधवार को “प्रिवेंशन ऑफ सेक्सुअल हरासमेंट ऑफ वर्किंग वुमेन एंड स्टूडेंट्स” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता दिवस का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल और शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण को बढ़ावा देना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता प्रोफेसर ललित तिवारी तथा पॉश एक्टिविस्ट हीरा जंगपांगी रहे। हीरा जंगपांगी पिछले लगभग 20 वर्षों से उधम सिंह नगर के विभिन्न क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा तथा पॉश (POSH) जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और एक्शन ऐड नामक एनजीओ से भी जुड़ी हुई हैं।
कार्यक्रम में जंगपांगी ने बताया कि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार, शब्द, वाक्य या स्पर्श भी किसी व्यक्ति के लिए मानसिक तनाव, अवसाद और आर्थिक परेशानियों का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि सभी को अपने और दूसरों के व्यवहार की सीमाओं को समझना आवश्यक है, ताकि कार्यस्थल पर सहज और सुरक्षित माहौल बनाया जा सके।उन्होंने यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए विशाखा गाइडलाइन्स और भंवरी देवी मामले के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि विशाखा गाइडलाइन्स के आधार पर ही वर्ष 2013 में पॉश एक्ट बनाया गया। इस एक्ट के तहत धारा 9 में पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराने का प्रावधान है। साथ ही लिखित शिकायत और जांच प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि पॉश कमेटी ऐसे मामलों की जांच के लिए संस्थानों में गठित की जाती है।
इस अवसर पर बताया गया कि माता जिया रानी महिला अध्ययन केंद्र में 8 मार्च से 14 मार्च 2026 तक महिला पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े के अंतर्गत सभी कार्यक्रम “गिव एंड गेन” थीम पर आधारित हैं, जिसका उद्देश्य समुदाय को जागरूकता और सकारात्मक सहयोग प्रदान करना है।कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर ललित तिवारी ने जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. किरण तिवारी ने किया। केंद्र की निदेशक प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बधाई दी।
पॉश जागरूकता कार्यक्रम में ITEP और BBA के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। इस अवसर पर सचिन, सरिता, निकिता, काजल सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







