नैनीताल। दयाकिशन पोखरिया ने नैनीताल शहर के विभिन्न मार्गों पर फैले निर्माण सामग्री के मलबे, रेता-बजरी और गाद को हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि शहर के कई क्षेत्रों में स्थानीय लोगों द्वारा घरों में चल रहे निर्माण कार्यों का मलबा कट्टों में भरकर सड़कों के किनारे रख दिया जाता है। वहीं कई स्थानों पर रेता, बजरी और गाद भी खुले में जमा कर दी जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के संबंध में पूर्व में कई बार पालिका प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
जिला उपाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नैनीताल शहर के विभिन्न मार्गों पर पड़े मलबे एवं निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।







