नैनीताल,। भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव से करीब 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार अपराह्न करीब 2:15 बजे वाहन संख्या UP 32 QU 1874 भवाली से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एसएसबी तथा स्थानीय नागरिकों की मदद से संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चे की मौत हुई है। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई—
भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष), निवासी खटीमा
सीमा कैड़ा चुफाल (45 वर्ष), पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल
वासु चुफाल (19 वर्ष), पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल
रवी चुफाल (12 वर्ष), पुत्री भूपेंद्र सिंह चुफाल
अनुज कुमार मिश्रा (34 वर्ष), चालक, निवासी अफसर नगर एलपीजी गोदाम, आलमनगर, लखनऊ
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं, जो श्रद्धालु बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
घटनास्थल पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा, एसडीआरएफ और पुलिस टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।







