नैनीताल। डी.एस.बी. परिसर, कुमाऊँ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. हेम चंद्र जोशी द्वारा लिखित पुस्तक ‘क्लाइमेट रिस्पोंसिव प्लांट बायोलॉजी’ का लोकार्पण शुक्रवार को कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. रावत ने पुस्तक की विषयवस्तु और वैज्ञानिक उपयोगिता की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन वैश्विक स्तर पर एक गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे समय में पौधों की जलवायु अनुकूलन क्षमता पर आधारित यह पुस्तक शोधार्थियों, वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
पुस्तक के लेखक डॉ. हेम चंद्र जोशी ने बताया कि यह पुस्तक विश्वभर के पादप वैज्ञानिकों, कृषि वैज्ञानिकों, पारिस्थितिकीविदों, पर्यावरण शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को समर्पित है, जिनके प्रयास पौधों की दुनिया को समझने और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का समाधान खोजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुस्तक में पौधों की शारीरिक क्रियाओं, जलवायु सहनशीलता, पर्यावरणीय बदलावों के प्रभाव और सतत विकास से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं को सरल, शोधपरक और व्यावहारिक शैली में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह पुस्तक उन किसानों और खेतों में कार्य करने वाले श्रमिकों को भी समर्पित है, जो अपने अनुभव और पारंपरिक ज्ञान के माध्यम से मानव, पौधों और पर्यावरण के बीच संबंधों को सशक्त बनाए रखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. हेम चंद्र जोशी ने संपादित पुस्तक विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी को भेंट की। पुस्तक का प्रकाशन स्प्रिंगर नेचर पब्लिकेशन द्वारा बर्लिन, लंदन और अमेरिका से किया गया है।
इस अवसर पर किशोर जोशी, डॉ. नवीन पांडे, स्वाति जोशी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







