नैनीताल। नैनीताल की नैनीझील में शव मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते दिनों ठंडी सड़क क्षेत्र में झील से दो शव बरामद होने के बाद मंगलवार दोपहर एक बार फिर पाषाण देवी मंदिर के समीप झील में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने झील में शव उतराता देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक के पास से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें कुछ निजी सामान मिला। जांच के दौरान मृतक की पहचान 7 नंबर निवासी प्रकाश चंद्र आर्या के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद्र आर्या नैनीताल स्थित एक टूरिस्ट होटल में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि वह बीते शनिवार रात करीब 8 बजे के बाद से लापता था। रात लगभग 9 बजे के बाद उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आने लगा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने मल्लीताल कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मंगलवार को झील से शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
लगातार झील से शव मिलने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि नैनीझील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और अधिक मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।







