सेवा पखवाड़े का शुभारंभ, बीडी पांडे अस्पताल में 631 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य शिविर का लाभ… 19 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान, 132 आभा आईडी और 5 आयुष्मान कार्ड बने; विधायक सरिता आर्या ने किया शुभारंभ… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

18

नैनीताल। जनपद नैनीताल में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ शनिवार को बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय में क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रोपदी गर्बयाल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में 631 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में रक्तचाप एवं रक्त शर्करा (शुगर) की जांच, मुख स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच, टीबी स्क्रीनिंग, स्वैच्छिक रक्तदान, आभा आईडी निर्माण तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि शिविर में 308 लोगों का रक्तचाप परीक्षण, 246 लोगों की रक्त शर्करा जांच, 83 लोगों का मुख स्वास्थ्य परीक्षण, 35 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा 14 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 19 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, 132 लाभार्थियों की आभा आईडी बनाई गई, 5 आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए तथा 100 लोगों की रक्त जांच भी की गई।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने नागरिकों से सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, भारत सिंह मेहरा, विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक कविता गंगोला, जीवंती भट्ट, अमिता साह, मीरा बिष्ट, हेमलता पांडे, रश्मि सिराला, अध्या जायसवाल, हरीश राणा, मोहित लाल साह, निखिल बिष्ट, विकास जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, सभासद मनोज साह जगाती, ललिता दफौटी, करन साह सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रोपदी गर्बयाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एनएचएम) डॉ. संजीव खर्कवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) मदन मेहरा, डाटा मैनेजर पंकज तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान जनपदभर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवा संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जन-जागरूकता को और मजबूत बनाया जा सके।