झापुली-बोना मोटर मार्ग दो सप्ताह से बंद, पांच परिवार खतरे की जद में… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

16

नैनीताल। झापुली-बोना क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने शनिवार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर उप जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को ज्ञापन भेजा। उन्होंने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए झापुली क्षेत्र में खतरे की जद में आए पांच परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने और क्षेत्र का भूगर्भीय निरीक्षण कराने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि झापुली-बोना मोटर मार्ग पिछले दो सप्ताह से बंद पड़ा है। सड़क बंद होने से क्षेत्र में खाद्यान्न की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं बीमार लोगों, स्कूली बच्चों के साथ ही बोना, तोमिक और गोल्फा के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं क्षेत्रवासियों ने लोनिवि डीडीहाट, राजस्व विभाग, तहसील प्रशासन मुनस्यारी और भूगर्भीय टीम की संयुक्त टीम से क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है और कई परिवार खतरे की जद में हैं। समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।इस दौरान प्रभावित क्षेत्र के पहलाद सिंह बृजवाल और किशोर सिंह, भवान सिंह, मोहन सिंह, ठाकुर सिंह, मनोहर सिंह, बेलमती देवी, नारायण सिंह, महेंद्र सिंह और जगत सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने भी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।