कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत पद से मुक्त, प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को अतिरिक्त जिम्मेदारी… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

115
Oplus_16908288

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत को निजी कारणों के चलते कुलपति पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। राज्यपाल एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने 31 अगस्त की अपराह्न से उन्हें पदमुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।
राजभवन सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रो. दीवान सिंह रावत ने 23 अगस्त को पत्र भेजकर निजी कारणों का हवाला देते हुए कुलपति पद से अवमुक्त किए जाने का अनुरोध किया था। उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए 31 अगस्त की अपराह्न से उन्हें पदमुक्त कर दिया गया।
आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-1973 (यथाप्रवृत्त उत्तराखंड राज्य) की धारा-12 की उपधारा (10) के तहत प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, कुलपति उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त पदभार सौंपा गया है।
प्रो. लोहनी एक सितंबर 2026 से अग्रेत्तर आदेश तक अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रो. दीवान सिंह रावत को 21 जुलाई 2026 से छह माह अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति तक कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर नियुक्त किया गया था। अब उनके पद से मुक्त होने के बाद विश्वविद्यालय के कुलपति पद का अतिरिक्त प्रभार प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को सौंपा गया है।