पूर्व छात्र से कुलपति तक का सफर, प्रो. दीवान सिंह रावत को दी भावभीनी विदाई… कुमाऊं विवि में भावुक हुआ माहौल… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल…

105

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत के कार्यकाल की पूर्णता पर सोमवार को हर्मिटेज भवन में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी, पूर्व छात्र एवं विभिन्न शिक्षक-कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों समेत करीब 300 लोगों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति के सम्मान में साइटेशन प्रस्तुत किया गया। इसमें प्रो. रावत के विद्यार्थी, विद्वान और कुलपति के रूप में विश्वविद्यालय से जुड़े संबंधों तथा उनके कार्यकाल में हुए शैक्षणिक, अनुसंधान, नवाचार और आधारभूत सुविधाओं के विकास को रेखांकित किया गया।
प्रो. रावत के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में कुमाऊं विश्वविद्यालय का पीएम-ऊषा मेरु के अंतर्गत चयन और 100 करोड़ रुपये का आवंटन तथा आईआईएससी बेंगलुरु के साथ 100 करोड़ रुपये की पेयर परियोजना शामिल रही। इसके अलावा शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने, नई शैक्षणिक व अनुसंधान सुविधाओं के विकास, छात्र सुविधाओं के विस्तार तथा डिजिटल एवं पुस्तकालय संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य हुए।
समारोह में विभिन्न शिक्षक, कर्मचारी, छात्र एवं पूर्व छात्र संगठनों की ओर से प्रो. रावत का अभिनंदन किया गया। शांति मेहरा, अरविंद पड़ियार, प्रो. संजय पंत, प्रो. वीना पांडे, डॉ. लक्ष्मण रौतेला एवं छात्रसंघ अध्यक्ष करण सती ने उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि अपने ही विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र के रूप में कुलपति पद पर सेवा करना उनके लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही।
प्रो. रावत ने विश्वविद्यालय परिवार का आभार जताते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन से ही उनका कुमाऊं विश्वविद्यालय से जुड़ाव रहा है। कुलपति के रूप में विश्वविद्यालय की सेवा करना उनके लिए विशेष सम्मान का विषय रहा। उन्होंने सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में प्रो. नीता बोरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान प्रभारी कुलसचिव राकेश विश्वकर्मा, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।