नैनीताल। भीमताल कोतवाली क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को लिफ्ट देने के बहाने सोने के टॉप्स लूटने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना में शामिल दो आरोपितों को शक्तिफार्म, सितारगंज से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया सोने का टॉप्स और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को भौर्सा गांव निवासी करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बाइक सवार युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ बैठाया। रास्ते में आरोपितों ने महिला के सोने के कुंडल/टॉप्स लूट लिए और मौके से फरार हो गए। मामले में पूर्व ग्राम प्रधान भुवन चंद्र पलड़िया की तहरीर पर कोतवाली भीमताल में एफआइआर संख्या 38/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी क्राइम एवं नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र को शीघ्र घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हल्द्वानी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची।
पुलिस ने 31 अगस्त को दोनों आरोपितों को शक्तिफार्म, सितारगंज, ऊधमसिंहनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान सुजीत दास (27) पुत्र रामजीवन दास, निवासी जेल कैंप नंबर-2, शक्तिफार्म और कुन्दन विश्वास (22) पुत्र लाखन विश्वास, निवासी आजाद वार्ड नंबर-1, शक्तिफार्म के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पीली धातु का लूटा गया टॉप्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK06BJ6150 बरामद की है।इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेंद्र राज सिंह, कांस्टेबल मनोज पंत, कांस्टेबल नरेश परिहार और कांस्टेबल प्रकाश चंद्र ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







