नाले के तेज बहाव में बही तीन साल की मासूम, मौत.. भीमताल बाईपास क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के दौरान हुआ हादसा, झील किनारे मिला बच्ची का शव.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

81

नैनीताल। भीमताल बाईपास क्षेत्र में मंगलवार सुबह मूसलधार बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। नाले के तेज बहाव में बहने से तीन वर्षीय मासूम पल्लवी पुत्री भुवन कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बाईपास क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान पल्लवी नाले के पास पहुंच गई और अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। बच्ची को बहता देख परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों ने बच्ची की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव झील किनारे बोट स्टैंड के पास बरामद हुआ।
पुलिस बच्ची को तत्काल भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंची। चिकित्सक डॉ. जितेंद्र ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. जितेंद्र के अनुसार, करीब 11:30 बजे स्थानीय लोगों और पुलिस द्वारा बच्ची को अस्पताल लाया गया था। बच्ची को बचाने के लिए सीपीआर और आवश्यक इंजेक्शन देकर प्रयास किया गया, लेकिन शरीर में किसी प्रकार की हलचल नहीं मिली। इसके बाद चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना ने बारिश के दौरान नालों और जलधाराओं के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।