खड़गे की सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेसियों ने दी तहरीर, मुकदमे की मांग…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

13
Oplus_16908288

नैनीताल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को नैनीताल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मल्लीताल कोतवाली पहुंचकर मामले में संबंधित दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर तहरीर सौंपी।
पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय कुमार ‘संजू’ ने कहा कि खड़गे हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा के लिए पहुंचे थे। उनके लौटने के दो दिन बाद कुछ लोगों की ओर से कार्यक्रम स्थल का कथित तौर पर शुद्धिकरण किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से अनुसूचित जाति समाज में आक्रोश के साथ ही हीनभावना पैदा होती है।
संजय कुमार ने कहा कि वह उस परिवार से जुड़े हैं, जिसने पहाड़ में अनुसूचित जाति के उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि खड़गे दलित समाज से आते हैं और उनके जैसे वरिष्ठ नेता का आगे आना दलित एवं पिछड़े समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का काम करता है। आरोप लगाया कि इस तरह की मानसिकता समाज को मुख्यधारा से दूर करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से खड़गे के कथित अपमान का मुद्दा उठाए जाने के बाद हल्द्वानी में भाजपा से जुड़े लोगों की ओर से फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुकदमे में खुद को अनुसूचित जाति का बताया गया, जबकि प्रकरण से जुड़ा मुख्य व्यक्ति पांडेय सामने नहीं आया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है।