नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर, नैनीताल को नया परिसर निदेशक मिल गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भौतिक विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. संजय पंत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ डीएसबी परिसर के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, कुलपति के 30 अगस्त 2026 के निर्देशों के अनुपालन में यह व्यवस्था की गई है। आदेश के तहत प्रो. पंत नई व्यवस्था होने तक अपने वर्तमान दायित्वों के साथ डीएसबी परिसर निदेशक की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
प्रो. संजय पंत ने मंगलवार को डीएसबी परिसर स्थित निदेशक कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान परिसर के शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। माना जा रहा है कि उनके कार्यभार संभालने से परिसर के प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी।


