नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल को नया कुलपति मिल गया है। उत्तराखंड के राज्यपाल एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के वर्तमान कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को कुमाऊं विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि अथवा अग्रिम आदेश, जो भी पहले हो, तक प्रभावी रहेगी।
राजभवन की ओर से तीन सितंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद के कार्य दायित्वों के लिए अंतरिम व्यवस्था संबंधी 31 अगस्त 2026 को जारी पूर्व आदेश को अतिक्रमित करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-1973 (यथाप्रवृत्त उत्तराखंड राज्य) की धारा 12 की उपधारा (1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग किया गया है।
इससे पहले कुमाऊं विश्वविद्यालय में प्रो. नवीन चंद्र लोहनी कार्यवाहक कुलपति के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। राजभवन के आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव, उच्च शिक्षा सचिव, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के सचिव समेत संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। साथ ही प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, प्रो. नवीन चंद्र लोहनी और कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलसचिव को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए आदेश की प्रति उपलब्ध कराई गई है।

