नैनीताल। भूमि की नाप कराने के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत लेना धारी तहसील के पटवारी को भारी पड़ गया। सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने शनिवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील में भी हड़कंप मच गया।मामला धारी तहसील क्षेत्र के मौड़ा गांव का है। यहां के एक व्यक्ति को अपनी भूमि की नाप करानी थी। इसके लिए उसने संबंधित पटवारी निर्मल बोरा से संपर्क किया। आरोप है कि भूमि की नाप करने के एवज में पटवारी ने उससे रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय मामले की सूचना सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर दी।शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच की। आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई।
शनिवार को टीम ने धारी तहसील में शिकायतकर्ता के माध्यम से पटवारी को रिश्वत देने की कार्रवाई कराई। जैसे ही निर्मल बोरा ने 30 हजार रुपये लिए, पहले से घात लगाए सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उसे दबोच लिया। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के साथ आरोपित पटवारी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
●भ्रष्टाचार की शिकायत 1064 पर करें.
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने लोगों से सरकारी काम कराने के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सामने आने की अपील की है। उन्होंने भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या वाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 पर देने को कहा है।







