नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई। निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी अंतिम सूची के अनुसार विभिन्न पदों पर दाखिल 15 नामांकन वैध पाए गए, जबकि छात्र उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुनाल बेदी का नामांकन आयु सीमा संबंधी अर्हता पूरी न होने के कारण निरस्त कर दिया गया। नाम वापसी की निर्धारित अवधि में किसी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया।
नामांकन जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर जारी पत्रांक डीएसडब्ल्यू/छा०सं०चु०/2026-27/107, दिनांक 26 सितंबर 2026 में बताया गया कि बीए-एलएलबी चतुर्थ वर्ष, सप्तम सेमेस्टर के छात्र कुनाल बेदी की जन्मतिथि 10 अप्रैल 2003 है। नामांकन अभिलेखों के अनुसार एक जुलाई 2026 को उनकी आयु 23 वर्ष दो माह 21 दिन थी। छात्रसंघ संविधान के अनुच्छेद 5(अ) में निर्धारित आयु सीमा के अनुरूप पात्रता नहीं होने पर उनका नामांकन खारिज किया गया।
●ये प्रत्याशी मैदान में.
अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान, शुभम कुमार और हिमांशु आर्या आमने-सामने हैं। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी, सचिव पद पर कमल कार्की और संयुक्त सचिव (छात्रा आरक्षित) पद पर अनुष्का पुरी व गौरी के नाम वैध पाए गए हैं।
कोषाध्यक्ष (छात्रा आरक्षित) पद पर सृष्टि रावत व विदुषी वर्मा, सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तनमय भंडारी चुनाव मैदान में हैं। संकाय प्रतिनिधि के लिए कला से अनिल कुमार, वाणिज्य से संध्या कापड़ी, विधि से दिव्यांशी कौशल और प्रबंधन अध्ययन से सानिध्य उप्रेती का नाम अंतिम सूची में है।
निर्वाचन अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्या ने बताया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है।
चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए प्रो. संजय पंत, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. आरसी जोशी, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. नीलू, डॉ. गीता तिवारी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. गगन होती, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. महेश आर्य, डॉ. दीपिका पंत, डॉ. अमित मेलकानी, डॉ. शिवांगी, प्रो. हरीश बिष्ट, डॉ. नंदन बिष्ट, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. दीपक मेलकानी सहित सीबी जोशी, हेमंत कुमार और बृजेश जोशी जुटे रहे।





