नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और उपचार व्यवस्था लगातार जारी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ ही बीमारी से बचाव के लिए जागरूक कर रही हैं।
मंगलवार को स्वास्थ्य टीमों ने देवीधुरा में 16, चोपड़ा में 34 और बेलवखान में 51 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 55 लोगों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 30 लोगों के ब्लड टेस्ट किए गए, जबकि 137 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। 10 लोगों को टेली-कंसल्टेंसी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। गंभीर लक्षण मिलने पर तीन मरीजों को उपचार के लिए भर्ती किया गया।
जलजनित रोगों की रोकथाम और सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवहार को लेकर स्वास्थ्य विभाग शिक्षा विभाग और बाल विकास विभाग के साथ भी समन्वय कर रहा है। मंगलवार को हल्द्वानी और कोटाबाग ब्लॉक के अधिकारियों व संबंधित कार्मिकों के साथ वर्चुअल बैठक हुई। इसमें जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल और एमडी पब्लिक हेल्थ डॉ. अनुराधा हयांकी ने जलजनित रोगों की निगरानी, व्यक्तिगत स्वच्छता, पेयजल के क्लोरीनेशन और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पेयजल को सुरक्षित रखने और उचित क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उल्टी, दस्त, बुखार अथवा अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर देरी किए बिना नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच और उपचार कराया जाए।







