नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह चौहान ने 1355 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी समर्थित शुभम कुमार को 873, जबकि निर्दलीय हिमांशु आर्या को 283 मत मिले। अध्यक्ष पद के चुनाव में 14 मत नोटा अथवा अवैध घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होने की पुष्टि चुनाव से पूर्व जारी रिपोर्टों में भी हुई थी।


डीएसबी परिसर में कुल 5410 छात्र-छात्राएं मतदान के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 2535 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 46.85 रहा। मतदान के बाद परिसर में मतगणना कराई गई और शाम को परिणाम घोषित किए गए।
संयुक्त सचिव पद पर गौरी ने महज पांच मतों के अंतर से जीत हासिल की। गौरी को 1619 मत मिले, जबकि अनुष्का पुरी को 1614 मत प्राप्त हुए। इस पद पर 202 मत नोटा तथा 110 मत अवैध रहे।
कोषाध्यक्ष पद पर भी मुकाबला बेहद नजदीकी रहा। सृष्टि रावत ने 1165 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी विदुषी वर्मा को 1147 मत मिले। इस पद पर 127 मत नोटा और 96 मत अवैध घोषित किए गए।
●नौ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन..
डीएसबी परिसर छात्रसंघ के नौ पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी, सचिव पद पर कमल कार्की, सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर तनमय भंडारी निर्विरोध चुने गए।इसके अलावा कला संकाय प्रतिनिधि पद पर अनिल कुमार, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर संध्या कापड़ी, विधि संकाय प्रतिनिधि पद पर दिव्यांशी कौशल और प्रबंधन अध्ययन संकाय प्रतिनिधि पद पर सानिध्या उप्रेती का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
●प्रमाणपत्र मिलते ही समर्थकों ने मनाया जश्न.
मतगणना पूरी होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। परिणाम सामने आते ही समर्थकों ने परिसर में खुशी मनाई। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्या के साथ प्रो. ललित तिवारी, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. दीपक कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्था में जुटे रहे।







